अपने बच्चे का पहला जन्मदिन मनाने के लिए 10 टिप्स

अपने बच्चे का पहला जन्मदिन मनाने के लिए 10 टिप्स

बच्चे का पहला जन्मदिन उसके जन्म के बाद का पहला बड़ा फंक्शन होता है। यह मौका होता है अपने बच्चे के जन्म से एक साल के बीच बीतें उन तमाम सुनहरे पलों को याद करने का जो उन्हें एक पैरेंट्स बनने के बाद मिलती है। उन तमाम रातों का जागना जब बच्चा बीमार हो, उस पल को याद करना जब बच्चा पहली बार करवट लेता है या जब वह घुटनों के बल चल कर अपने माता-पिता के पास आता है या वह पहल जब बच्चा पहली बार कुछ बोलता है। पहला जन्मदिन (Baby First Birthday) वह खास मौका होता है जब बच्चा एक साथ कई रिश्तेदारों से रूबरू होता है। इन दिन को और भी स्पेशल बनाने के लिए पहले से प्लान करना तो बनता ही है। सही प्लानिंग आपको इस यादगार लम्हें को जीने और एंजॉय करने का पूरा मौका देती है। आज हम आपको अपने बच्चे का पहला जन्मदिन मनाने के लिए कुछ खास टिप्स दे रहे हैं जो आपके लिए लाभदायक सिद्ध होंगे।

बच्चे का पहला जन्मदिन मनाने के लिए टिप्स (Tips to Celebrate Your Baby First Birthday in Hindi)

#1. मेहमानों को पहले से न्यौता दें

आजकल समय की कमी के कारण पहले से ही हर चीज़ का ध्यान देना बहुत जरूरी है। मेहमानों को न्यौता देना बहुत जरूरी है। यह काम भी आपको जन्मदिन के कुछ दिन पहले ही कर लेना चाहिए। पार्टी में कितने मेहमान आ रहे हैं इसकी पूरी सूची बनाने के बाद ही पार्टी की अन्य वस्तुओं या स्थान का चुनाव किया जा सकता है। इसके साथ ही उन्हें पहले से ही बुलावा भेज दें ताकि वो सही समय पर पार्टी में पहुँच जाएँ। आजकल के डिजीटल युग में आप सबको कॉल करने के साथ एक बढ़िया-सा कार्ड बनाकर वाट्सऐप पर भी भेज सकते हैं। ऐसे कई ऑनलाइन साइटें हैं जहां आप अपने बच्चे के बर्थडे के लिए बढिया इनविटेशन कार्ड बना सकते हैं। Read: 5 कार्टून जो आपके बच्चे को अच्छी शिक्षा देते हैं

#2. स्थान सुनिश्चित कर लें

जन्मदिन मनाने के लिए स्थान को पहले से ही सुनिश्चित कर लें। अगर आपका घर बड़ा है तो घर पर भी इसे मनाया जा सकता है अन्यथा कोई हॉल या होटल भी बुक किया जा सकता है। बाकी यह बात लोगों की संख्या पर भी निर्भर करती है। अगर फंक्शन में परिवार के लोग या अन्य खास लोग शामिल होने वाले हैं तो घर में इंतजाम कर लें और उसी के अनुसार स्थान को सजाएं। कोशिश करें कि स्थान थोड़ा खुला हो ताकि बच्चे आराम से मजे कर सके और उन्हें अधिक लोगों की उपस्थिति में डर ना लगे।

#3. मेन्यू पहले से ही बना लें

हर पार्टी की तरह बच्चे के पहले जन्मदिन (Baby First Birthday) के लिए भी खाने का मेन्यू पहले से तय कर लें। पार्टी में खाने के लिए क्या-क्या रखना है इसकी पहले से लिस्ट बना लें। यह लिस्ट मेहमानों की संख्या पर निर्भर होनी चाहिए। अमूमन बीस से तीस लोगों का खाना अधिक ही बनवा कर चलना चाहिए। इसके अलावा अगर आप घर की सजावट खुद ही करने वाले हैं तो सजावट का सामान, गुब्बारे, खाने की प्लेट, गिलास आदि को भी पहले से ही मंगा कर रखें।

#4. पूजा की तैयारी

सामान्यतः हिन्दू रीति-रिवाज़ के अनुसार बच्चे के पहले जन्मदिन के दिन सबसे पहले पूजा-पाठ कराया जाता है। इसके लिए भी पहले से ही तैयारी करना जरूरी है। पूजा के लिए पंडित जी को पहले ही न्यौता दे दें। पूजा के सामान की लिस्ट बना कर उसे भी मंगा कर रख लें ताकि जन्मदिन वाले दिन आपको कोई असुविधा न हो।

#5. थीम पार्टी

समय के बदलने के साथ-साथ आजकल पार्टी का अंदाज भी बदल गया है। आजकल थीम पार्टी का जमाना है। इसलिए आप भी पहले से ही कोई थीम का चयन कर लें जैसे कोई कार्टून थीम, परियों वाली थीम या जानवरों वाली थीम आदि। आपके बच्चे को जो भी अधिक पसंद हो उसके आधार पर भी थीम का चयन किया जा सकता है। थीम पार्टी में केक से लेकर सजावट तक सब कुछ मिलता जुलता रखा जाता है। इसके साथ ही रिटर्न गिफ्ट आदि भी मैचिंग रखे जाते हैं। सब कुछ पहले ही तैयार कर ले और कुछ दिन पहले ही केक आदि का आर्डर दे दें। Read: 7 ऐसी नर्सरी कवितायें जो हर बच्चे को चाहिए सिखानी

#6. बर्थ डे बेबी का रखें ध्यान

एक साल के बच्चे की दिनचर्या बहुत ही अलग होती है। इस उम्र में बच्चा थोड़ी-थोड़ी देर में सो जाता है और जल्दी चिड़चिड़ा हो जाता है। ऐसे में जन्मदिन का आयोजन करते समय अन्य व्यस्तता के चलते बच्चे को न भूल जाएँ। बच्चा अधिक भीड़ देख कर परेशान हो सकता है या घबरा सकता है। ऐसे में कम लोगों को बुलाएं या बच्चे को व्यस्त रखें। बच्चे के जन्मदिन का केक काटते समय यह ध्यान दें कि बच्चे की नींद उस समय पूरी हो चुकी हो नहीं तो बच्चा केक काटते समय सो जाएगा। पार्टी में बच्चोंं को अधिक बुलाएं ताकि बच्चे का मन बहलता रहे और वो रोये न।

#7. बच्चे के कपड़े

जन्मदिन वाले दिन बच्चे को भारी-भरकम और फैंसी पोशाक पहना दी जाती हैं ताकि बच्चा अलग लगे लेकिन ऐसे कपड़े बच्चे के लिए आरामदायक नहीं होते। थोड़ी देर में यह कपड़े बच्चे को चुभने लगते हैं और बच्चा चिड़चिड़ा होकर रोने लगता है। इस परिस्थिति से बच्चे को बचाने के लिए उसे आरामदायक और हलके कपड़े पहनाएं।

#8. फोटोग्राफर बुलाएं

बच्चे का पहला जन्मदिन (Baby First Birthday) पूरे परिवार के लिए बेहद खास होता है, ऐसे में इसे यादगार बनाना बेहद जरूरी है। इन कीमती लम्हों को हमेशा याद रखने के लिए फोटोग्राफर को बुला लें या किसी घर के सदस्य को भी यह काम सौंपा जा सकता है। इसमें बच्चे और परिवार की शानदार तस्वीरें खिंचवाएं। अगर आप चाहे तो बच्चे की तस्वीरों की स्लाइड बनवाकर भी वहां आये हर व्यक्ति को दिखा सकते हैं। इसमें बच्चे के जन्म से लेकर एक साल तक की तस्वीरों को शामिल करें।

#9. बच्चोंं के मनोरंजन का रखें ध्यान

पार्टी में आये बच्चोंं के मनोरंजन का खास ध्यान रखें। उनके लिए पार्टी में अलग-अलग गेम्स रखें, साथ ही उनके लिए उनके पसंद के म्यूजिक का भी अरेंजमेंट करें। हो सके तो इन गतिविधियों में स्वयं भी शामिल हों। पार्टी खत्म होने के बाद पार्टी में आये बच्चोंं के लिए रिटर्न गिफ्ट अवश्य रखें, ऐसा करने से बच्चे खुश हो जाएंगे। Read: बच्चो के साथ खेलने के लिए 10 आसान दिमागी खेल

#10. खर्च का रखें ध्यान

आजकल लोगों में दिखावा बढ़ता जा रहा है और इसके लिए लोग लाखों रुपए एक बड़ी सी पार्टी में ही खर्च कर देते हैं। ऐसी फिजूलखर्ची से अच्छा है उन पैसों को बच्चे के लिए सुरक्षित रखें ताकि भविष्य में वो उसकी शिक्षा के काम आ सके। खुशियों में दूसरों को शामिल करना अच्छा विचार है किंतु व्यर्थ में पैसा खर्च करना अच्छा नहीं है। इसलिए बच्चे के पहले जन्मदिन पर आप अपने बजट के अनुसार भी इन लम्हों को यादगार बना सकते हैं। आप कम लागत में भी शानदार पार्टी का आयोजन कर सकते हैं। होटल या किसी गार्डन की जगह घर पर ही जन्मदिन मनाने से काफी पैसा बच सकता है। इसी तरह बाहर से खाने का अरैंजमेंट करने के स्थान पर आप घर ही हलवाई से शानदार खाना बनवा सकती हैं। कोशिश करें कि जो भी पैसे बचें उसे बच्चे के भविष्य के लिए सुरक्षित कर दें। यह आसान टिप्स आपके बच्चे के इस फंक्शन को और भी शानदार और अविस्मरणीय बना देंगे।
क्या आप एक माँ के रूप में अन्य माताओं से शब्दों या तस्वीरों के माध्यम से अपने अनुभव बांटना चाहती हैं? अगर हाँ, तो माताओं के संयुक्त संगठन का हिस्सा बने| यहाँ क्लिक करें और हम आपसे संपर्क करेंगे|

null