रागी से बनाएं यह 10 व्यंजन जो बच्चों के लिए हैं सेहतमंद

रागी से बनाएं यह 10 व्यंजन जो बच्चों के लिए हैं सेहतमंद

रागी (Ragi) एक ऐसी फसल है जो पूरे साल उगाई जा सकती है। यह साल के हर समय उपलब्ध होने वाला आहार है। इसकी खेती विश्व में अफ्रीका और एशिया महाद्वीप में मुख्य रूप से की जाती है। भारत में इसका सबसे ज्यादा उत्पादन होता है परंतु इसे यहां मुख्य आहार के रूप में काफी कम लोग प्रयोग करते हैं। हालांकि कर्नाटक में कई विशेष व्यंजन रागी से ही बनते हैं।

 

रागी के फायदे (Ragi ke Fayde)

रागी शरीर के लिए काफी फायदेमंद होता है। यह पोषक तत्वों से भरपूर होने के साथ हमें कई बीमारियों से भी बचाता है। इसमें कैल्शियम, पोटेशियम, आयरन भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। खासतौर पर यह एमिनो एसिड का एक बेहतरीन स्रोत है। यह बच्चों की हड्डियों को मजबूत बनाता है। इसका सेवन करने से बच्चे कुपोषण का शिकार होने से बचते हैं। तो आइए जानते हैं  रागी से बनने वाले स्वादिष्ट व्यंजनों की रेसिपीज (Ragi Recipes for Kids in Hindi)

रागी से बनने वाली रेसिपीज (Ragi Recipes for Babies in Hindi)

#1. रागी खिचड़ी (Ragi Khichdi Recipe in Hindi)

Kids recipe, Ragi, Ragi ka halwa, Ragi ki khichadi

चित्र स्रोत: Archana’s Kitchen

सामग्री:

  • पीली मूंग दाल- 1/4 कप
  • रागी साबुत- 1/4 कप
  • देसी घी- 2 चम्मच
  • हींग- चुटकी भर

विधि:

  • रागी और पीली मूंग दाल दोनों को कम से कम 4 घंटे के लिए पानी में भिगो दे।
  • अब घी को कुकर में डालकर गर्म करे व इसमें रागी, दाल और हींग को डालकर मध्यम आंच पर गैस पर चढ़ा दे।
  • कुकर की तीन से चार सिटी दिलाएं और जब यह पक जाए तो गैस बंद कर दें और इसे ठंडा होने के लिए छोड़ दें।
  • ठंडा होने पर खिचड़ी को एक कटोरे में डालकर इसमें ऊपर से देसी घी मिलाकर अपने बच्चों को खिलाएं।

#2. रागी डोसा (Ragi Dosa Recipe)

Kids recipe, Ragi, Ragi ka halwa, Ragi ki khichadi

चित्र स्रोत: HungryForever

सामग्री:

  • रागी का आटा- 1/2 कप
  • गेहूं का आटा- 1/4 कप
  • बेसन- 1/4 कप
  • तेल/घी- 2 चम्मच
  • दही- 1/2 कप
  • हरा धनिया- 2 चम्मच बारीक कटा हुआ
  • नमक- स्वादानुसार

विधि:

  • किसी बड़े प्याले में रागी का आटा, गेहूं का आटा और बेसन डाल दीजिए और इसमें दही डालकर मिला लीजिए।
  • फिर उसमे थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर गुठलियाँ समाप्त होने तक भूनें।
  • अंत में इसको 20 मिनट के लिए ढक कर रख लीजिए जिससे यह फूल कर तैयार हो जाए।
  • 20 मिनट बाद एक बार और अच्छे से फेंट लीजिए।
  • अब गैस पर नॉन स्टिक पैन रखकर उसमें थोड़ा तेल या घी डालकर चारो तरफ फैला दीजिए।
  • गर्म होने पर गैस को कम करके थोड़ा हल्का सा ठंडा होने दीजिए।
  • फिर पैन में 2 टेबलस्पून बैटर डालकर गोल-गोल घुमाते हुए इसको फैला दीजिए।
  • गैस को तेज करके डोसा के चारो और ऊपर से थोड़ा तेल या घी और डाल दीजिए।
  • नीचे से गोल्डन हो जाने पर इसे पलट कर दूसरी तरफ भी ऐसे ही सुनहरा होने तक बनाये।
  • लो तैयार है आपका रागी डोसा बस ऊपर से हरा धनिया डालकर आप अपने बच्चों को खाने के लिए दे।

नोट: आप यह अपने बच्चो के टिफिन में भी पैक कर सकती हैं। साथ में हरी चटनी, नारियल चटनी या सॉस भी दे सकती है।

इसे भी पढ़ें: बच्चों में दिमागी शक्ति को बढ़ाने के लिए 10 मुख्य आहार

#3. रागी दलिया (Ragi Dalia Recipe)

Kids recipe, Ragi, Ragi ka halwa, Ragi ki khichadi

चित्र स्रोत: YouTube

सामग्री:

  • रागी का आटा- 3 टेबलस्पून
  • दूध- 3 कप
  • चीनी- 2 चम्मच
  • पानी- 1 कप

विधि:

  • सबसे पहले एक पतीला लेकर उसमें रागी आटा डालकर उसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर चलाते रहें ताकि उसमें गाड़ी ना पड़े।
  • अब उसमें दूध व चीनी मिलाकर अच्छे से मिलाएं।
  • उसके बाद उसे गैस पर मध्यम आंच पर रखें और लगातार चलाते रहे ताकि उसमें गांठे ना पड़े।
  • जब यह गाढ़ा हो जाए तब गैस बंद कर दीजिए।
  • आपका रागी दलिया तैयार है।

#4. रागी इडली (Ragi Idli Recipe)

Kids recipe, Ragi, Ragi ka halwa, Ragi ki khichadi

चित्र स्रोत: YouTube

सामग्री:

  • सूजी- 1 कप
  • रागी का आटा- 1 कप
  • दही- 1 कप
  • पानी- 1 कप
  • नमक- स्वादानुसार
  • बेकिंग सोडा- 1/4 चम्मच

विधि:

  • मध्यम आंच पर सूजी को 2 से 3 मिनट के लिए रोस्ट कर ठंडा कर लीजिए।
  • अब एक कटोरे में रागी का आटा और सूजी को मिला लें।
  • फिर उसमें नमक और दही डालकर पानी मिलाते हुए गाढ़ा घोल तैयार कीजिए।
  • अब इस घोल को आधा घंटा रख दें और तय समय बाद अगर जरूरत लगे तो थोड़ा पानी और मिला ले।
  • इडली बनाने से तुरंत पहले इसमें चुटकी भर बेकिंग सोडा मिला ले।
  • अब सांचे पर तेल लगाकर उसमे इडली का घोल डालकर उसे 8 से 10 मिनट तक स्टीम होने के लिए रख दें।
  • इडलियों को निकालने से पहले इसे 5 मिनट तक स्टीमर को ठंडा होने दे।
  • तैयार इडली को नारियल चटनी और सांभर के साथ सर्व कर सकती है।

#5. रागी खीर (Ragi Kheer Recipe in Hindi)

Kids recipe, Ragi, Ragi ka halwa, Ragi ki khichadi

चित्र स्रोत: Archana’s Kitchen

सामग्री:

  • रागी पाउडर- 1/4 कप
  • घी- 2 टेबल स्पून
  • गुड का चुरा- 1/4 कप
  • गर्म पानी- 2 कप
  • दूध- 1 कप
  • तले हुए नट्स- सजाने के लिए

विधि:

  • एक कढ़ाई लेकर उसमें घी गर्म करके मेवे डालें और उसे सुनहरा होने तक भुने।
  • फिर इसे निकाल कर अलग से रख दे।
  • अब इसी पैन में थोड़ा और घी डालकर इसमें रागी का पाउडर मिलाएं और 2 से 3 मिनट तक भून ले जब तक कि इसमें सोंधी सी खुशबू ना आनी शुरू हो जाए।
  • अब इसमें गर्म पानी डालकर चलाते रहें ताकि इसमें गांठ ना पड़े।
  • अंत में इसमें दूध व मेवे भी मिला लें और मध्यम आंच पर पकने दें।
  • अच्छे से पक जाने पर गैस बंद कर दे और ठंडा होने पर रागी खीर का लुत्फ उठाएं।

इसे भी पढ़ें: 1 से 2 साल के बच्चे की 10 आहार रेसिपीज

#6. रागी हलवा

Kids recipe, Ragi, Ragi ka halwa, Ragi ki khichadi

चित्र स्रोत: Swasthi’s Recipes

सामग्री:

  • रागी का आटा- 1/2 कप
  • देसी घी- 3 टेबलस्पून
  • दूध- 1 कप
  • चीनी- 2 टेबल स्पून
  • इलायची पाउडर- चुटकी भर

विधि:

  • सबसे पहले एक कढ़ाई लें और उसे गैस पर चढ़ा दें।
  • अब उसमें घी डालकर गर्म करें।
  • एक कटोरी में रागी का आटा लेकर उसमे थोड़ा पानी मिलाएं ताकि गांठे ना पड़े।
  • अब इसे कढ़ाई में डाल दें और 3 से 4 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें।
  • जब इसमें बुलबुले उठने लगे तो चीनी और गर्म दूध मिला दे।
  • ध्यान रहे रागी को चम्मच से लगातार चलाते रहें ताकि उसमें गांठे ना पड़े।
  • थोड़ी देर में रागी का हलवा कढ़ाई की सतह छोड़ने लगेगा तो ऊपर से थोड़ा इलायची पाउडर छिड़के और गैस बंद कर दे।
  • अब इसे कटोरी में निकाल कर आप बच्चों को खिला सकती है। यह एक बहुत ही पौष्टिक और स्वादिष्ट व्यंजन होता है।

#7. रागी उपमा (Ragi Upma)

Kids recipe, Ragi, Ragi ka halwa, Ragi ki khichadi

चित्र स्रोत: Archana’s Kitchen

सामग्री:

  • रागी का आटा- 1 कप
  • तेल- 1 चम्मच
  • उड़द दाल- 2 चम्मच
  • चना दाल- 2 चम्मच
  • राई- 2 टेबल स्पून
  • प्याज- 1 बारीक कटा हुआ
  • नमक- स्वादानुसार
  • नींबू का रस- 1 टेबल स्पून
  • हींग- चुटकी भर

विधि:

  • सबसे पहले एक प्याले में रागी आटा डालकर उसमें थोड़ा पानी डालकर मिक्स कर लें और इसे एक तरफ रख दे।
  • अब गैस पर कढ़ाई रखकर उसमें थोड़ा तेल डालकर गर्म करें।
  • तेल गर्म होने पर उसमें राई डालकर तड़का लगाये।
  • अब इसमें प्याज, चना दाल व उड़द दाल डालकर सुनहरा होने तक पकाएं।
  • अब इसमें तैयार किया हुआ रागी का आटा मिला दे।
  • फिर इसमें स्वादानुसार नमक डालकर अच्छे से फटाफट मिक्स करें और 3 से 4 मिनट तक और पकाएं।
  • अब गैस बंद कर दे और इसमें नींबू का रस डालकर अच्छे से मिला लें।
  • अंत में हरा धनिया डालकर अच्छे से सजाएं।

#8. रागी रोटी (Ragi Roti)

Kids recipe, Ragi, Ragi ka halwa, Ragi ki khichadi

चित्र स्रोत: YouTube

सामग्री:

  • गेहूं का आटा- 250 ग्राम
  • रागी का आटा- 100 ग्राम
  • देसी घी- 2 चम्मच
  • नमक- स्वादानुसार

विधि:

  • सबसे पहले एक कटोरे में गेहूं का आटा और रागी का आटा लेकर अच्छे से मिला लीजिए।
  • अब इसमें नमक व घी डालकर अच्छे से मिला लें और थोड़ा पानी डालकर आटा गूँथ लीजिए।
  • अब इसको आधे घंटे के लिए रख दीजिए।
  • आधे घंटे बाद आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाकर रोटी बेल ले।
  • फिर तवे पर इन रोटियों को सेककर किसी भी सब्जी के साथ सर्व करें।

नोट: आप चाहे तो सिर्फ रागी के आटे की रोटी भी बना सकती हैं।

इसे भी पढ़ें: बच्चों का नाश्ता बनाने की 7 स्वादिष्ठ रेसिपीज

#9. रागी केला पैन केक (Ragi Banana Pan Cake)

Kids recipe, Ragi, Ragi ka halwa, Ragi ki khichadi

चित्र स्रोत: YouTube

सामग्री:

  • रागी का आटा- 1/4 कप
  • गेहूं का आटा- 1/4 कप
  • चावल का आटा- 1/4 कप
  • केले- 2
  • चीनी- 2 टेबलस्पून
  • गुड़ का चुरा- 1/2 कप
  • इलायची पाउडर- 1/2 चम्मच
  • दूध- 1/2 कप
  • घी- 2 चम्मच

विधि:

  • सबसे पहले गुड़ का चूड़ा और चीनी को गरम पानी में भिगो दे।
  • अब गेहूं, चावल व रागी का आटा को मिला लें और एक तरफ रख दे।
  • केले को भी अच्छे से मैश करके एक तरफ रख दे।
  • जब गुड़ और चीनी अच्छे से मिल जाए तो आटे को थोड़ा-थोड़ा करके गुड़ वाले पानी में डालें और फिर उसमें दूध डालकर अच्छे से बैटर तैयार कर ले।
  • अब इसमें मैश किया हुआ केला और इलायची पाउडर डाल दे।
  • तवे को गर्म करे और तैयार बैटर को इस पर फैला दे और घी डालकर उसे हल्का भूरा होने तक पकाएं।
  • अब दूसरी साइड भी इसी तरह पकाए।

#10. रागी लड्डू (Ragi Ladoo Recipe)

Kids recipe, Ragi, Ragi ka halwa, Ragi ki khichadi

चित्र स्रोत: Isha Sadhguru

सामग्री:

  • रागी का आटा- 100 ग्राम
  • देसी घी- 4 चम्मच
  • पोहा- 1 कप
  • घिसा हुआ नारियल- 1 कप
  • इलायची पाउडर- 1/2 चम्मच
  • पिसी चीनी- 2 चम्मच

विधि:

  • एक पैन में घी डालकर उसमे रागी का आटा डालकर लगातार चलाएं और उसे सुनहरा होने तक भूनिए।
  • 15 से 20 मिनट बाद गैस बंद करके ठंडा होने के लिए रख दें।
  • अब पोहा और नारियल भून लीजिए और थोड़ा ग्राइंड कर लीजिए।
  • अब सभी चीजों को एक कटोरे में डाल दीजिए।
  • इसमें चीनी पाउडर और इलायची पाउडर भी मिला दीजिए।
  • अब इसमें थोडा घी और मिलाकर लाडू बनाइए और अपने बच्चे को खिलाएं।

इसे भी पढ़ें:  अब घर पर ही बनाइये सेरेलक व जानिए उसके फायदे

क्या आप एक माँ के रूप में अन्य माताओं से शब्दों या तस्वीरों के माध्यम से अपने अनुभव बांटना चाहती हैं? अगर हाँ, तो माताओं के संयुक्त संगठन का हिस्सा बने| यहाँ क्लिक करें और हम आपसे संपर्क करेंगे|

null