अगर बच्चा दूध ना पिए तो उसे दूध देने के विभिन्न प्रकार

अगर बच्चा दूध ना पिए तो उसे दूध देने के विभिन्न प्रकार

बच्चे का दूध न पीना माता-पिता के लिए सबसे बड़ी परेशानी की वजह है। उनका परेशान होना स्वभाविक भी है। एक शोध के मुताबिक दो से तीन साल के बच्चे को रोज़ कम से कम दो कप दूध पीना चाहिए वही चार साल के बच्चे के लिए तीन कप दूध पीना अनिवार्य है। जैसे-जैसे बच्चा बढ़ता है उसकी दूध पीने की जरूरतें भी बढ़ती जाती है। दरअसल बच्चों की हड्डियों और विकास के लिए उनका दूध पीना बहुत आवश्यक है।

दूध और दूध से बने खाद्य पदार्थ कैल्शियम और प्रोटीन का अच्छा स्त्रोत हैं। इसके साथ ही यह जरूरी पोषक तत्व जैसे विटामिन डी और पोटाशियम भी प्रदान करता है जिसकी बच्चों को इस उम्र में बहुत अधिक आवश्यकता होती हैं। अगर आपका बच्चा दूध पीने से मना करता है या किन्हीं कारणों से उसे दूध से एलर्जी है तो परेशान न हों, क्योंकि आप उन्हें अन्य विकल्पों के द्वारा भी दूध से मिलने वाला पोषण प्रदान कर सकती हैं। अगर आपका बच्चा दूध नहीं पीता है तो जानिए उसे दूध कैसे (Intersting Ways to Give Milk) दें।

 

अगर बच्चा दूध ना पिए तो उसे दूध देने के विभिन्न प्रकार (Interesting ways to Give Milk to Kids in Hindi)

#1. दही (Curd)

अगर आपका बच्चा दूध नहीं पीता है तो आप उसे दही दे सकती हैं। दही अधिकतर बच्चों को पसंद आती है। आप बच्चे को चीनी डाल कर दे सकती हैं या उसका रायता बना कर भी बच्चों के आहार में शामिल कर सकती हैं। आजकल बाजार में अलग-अलग तरह के दही भी उपलब्ध हैं जिन्हें योगर्ट कहा जाता है। यह केले, चाकलेट, स्ट्रॉबेर्री जैसे मज़ेदार स्वादों में मिलते हैं। इन स्वादों को बच्चे कभी भी मना नहीं करेंगे।

इसे भी पढ़ेंः बच्चों को खाना कैसे खिलाएं

 

#2. शेक (Shake)

गर्मियों के दिन हैं और गर्मियों के शेक्स से बेहतरीन और कुछ नहीं। आप बच्चों को दूध शेक्स बना कर भी दे सकती हैं। जैसे मेंगो शेक इसके साथ ही चाकलेट शेक, बनाना शेक, मिल्क शेक या जो भी फ्रूट बच्चे को पसंद हो उसका शेक बना कर आप बच्चे को दे सकती हैं। इन शेक्स से न केवल आपका बच्चा हाइड्रेटेड रहेगा बल्कि उसके दूध न पीने की शिकायत भी दूर होगी। गर्मियों में यह शेक आपके लिए दुगने फायदेमंद साबित होंगे।

 

#3. दलिया (Daliya)

दलिया न केवल बच्चों बल्कि सबके लिए बेहद स्वास्थ्यवर्धक होता है। यही नहीं उसे बनाना भी बहुत आसान है। बाजार में मिलने वाले दलिये को थोड़ा सा भून लें और उसमे दूध और चीनी मिला कर बच्चे को खाने को दें। आप चाहे तो उसे अलग स्वाद देने के लिए उसमे इलायची या केसर भी मिला सकती हैं। यही नहीं आप इसमें मेवे या फल मिला कर भी बच्चे को खाने के लिए दे सकती हैं। यह सबसे अच्छा नाश्ता है। इसमें दूध, चीनी और अनाज तीनों चीज़े मिल सकती हैं।

 

#4. मेवा दूध (Dry Fruit Milk)

बच्चा सदा दूध पीने में आनाकानी कर सकता है, ऐसे में उसके दूध में मेवे मिलाएं। मेवे जैसे कि बादाम, काजू, पिस्ता आदि को मिक्सर में पीस लें और उसके बाद उसे दूध में मिला कर उसमे स्वादानुसार चीनी मिक्स कर लें। इसको ठंडा करके बच्चे को पीने को दें। बच्चे को यह अवश्य पसंद आएगा।

 

#5. खीर (Kheer)

सूजी या चावल की खीर शिशु के लिए बेहद पौष्टिक आहार है। अगर बच्चा दूध नहीं पीता है तो आप सूजी या चावल की खीर से भी उसे आहार खिला सकती हैं। इसके लिए सूजी को भुने और उसमे दूध डाल कर कुछ देर पकाएं। अब इसमें थोड़ी सी चीनी और मेवे डाल कर शिशु को खाने को दें। ऐसे ही आप चावल की खीर भी बना सकती हैं।

 

#6. फ्रूट कस्टर्ड (Fruit Custard)

कस्टर्ड भी बच्चों का पसंदीदा है। इसे बनाने के लिए एक बर्तन में आपको दूध, कस्टर्ड पावडर, चीनी, इलायची पावडर मिला कर इसे धीमी आँच पर इसे पकाना है। बीच-बीच में आपको इसे हिलाते रहना है ताकि गांठे न पड़ें। जब यह मिश्रण गाढ़ा हो जाए तो इसे ठंडा होने के लिए रख दें। फलों को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट कर इसमें मिक्स कर लें। अच्छे से सजा कर बच्चे को खाने के लिए दें।

 

#7. पनीर (Cheese)

पनीर प्रोटीन का अच्छा स्त्रोत है इसलिए अगर बच्चा दूध न पिये तो आप उसे पनीर भी दे सकती हैं। कच्चा पनीर, पनीर की सब्जी या पराँठा आदि अन्य किसी भी डिश में पनीर की मात्रा होने से शिशु को पर्याप्त प्रोटीन मिल सकता है।

इसे भी पढ़ेंः कैसे करें नारियल के तेल का इस्तेमाल

#8. घी, मक्खन (Ghee or Butter)

घी और मक्खन बच्चा आराम से और अच्छे से खा लेगा। परांठे पर घी लगा कर या दाल-सब्जी में मिला कर आप उसे घी या मक्खन खिला सकती हैं।

 

#9. कॉर्न फ्लैक्स (Corn Flakes)

बच्चे सादा दूध पीने से भले ही कतराए लेकिन कॉर्न फ्लैक्स को मना नहीं करेगा। आजकल तो बाजार में मिलने वाले चोकोस बच्चों के पसंदीदा है। बस दूध में उन्हें मिलाएं और बच्चों को खाने को दें। बच्चों को आकर्षित करने के लिए इसमें आप उसके पसंद के फल भी काटकर डाल सकती हैं।

 

#10. आइसक्रीम (Ice Cream)

अगर किसी भी तरीके से आपके बच्चे को दूध या दूध से बनी चीज़ें पसंद नही आ रही हों तो आप उन्हें आइसक्रीम भी दे सकती हैं। आप घर पर दूध की आइसक्रीम बनाए और उसमे केसर, इलायची और मेवे भी डाल सकती हैं। गर्मी के मौसम में दूध से बनी आइसक्रीम बच्चे कभी भी कहीं भी बहुत चाव से खाएंगे।

 

#11. लस्सी या छाछ (Lassi)

छाछ और लस्सी भी दूध का एक अच्छा विकल्प है। गर्मी में छाछ और लस्सी से बच्चों के शरीर में पानी की कमी भी नहीं होगी। आम के मौसम में मैंगो लस्सी भी बहुत स्वादिष्ट और अच्छा विकल्प है।

इसके अलावा भी आप दूध से बनने वाली अन्य डिशेस बना कर बच्चे को खिला सकती हैं। रोज नयी-नयी डिश बनाये और बच्चे के सामने परोसे। बच्चे को इससे न केवल पर्याप्त पोषण मिलेगा बल्कि वो रोज़ नया आहार पाकर उसका और आपका दिन भी बेहतरीन गुजरेगा।

इसे भी पढ़ेंः बच्चों में दस्त दूर करने के उपाय

 

क्या आप एक माँ के रूप में अन्य माताओं से शब्दों या तस्वीरों के माध्यम से अपने अनुभव बांटना चाहती हैं? अगर हाँ, तो माताओं के संयुक्त संगठन का हिस्सा बने। यहाँ क्लिक करें और हम आपसे संपर्क करेंगे।

null

null