बच्चो की गर्मियो की छुट्टियों का कैसे सदुपयोग करे? 10 टिप्स में जानिए

बच्चो की गर्मियो की छुट्टियों का कैसे सदुपयोग करे? 10 टिप्स में जानिए

गर्मियां बहुत करीब हैं और ऐसे में सभी बच्चों को गर्मियों की छुट्टियों का इंतजार रहता हैं। और हो भी क्यों ना क्योंकि बच्चों को गर्मी की तपन और स्कूल जाने से छुटकारा मिल जाता हैं। बच्चों के लिए तो छुट्टियों (Holidays) का मतलब ही अपनी मर्जी से वक्त गुजारना होता हैं। दिन भर टीवी देखना, वीडियो गेम खेलना, देर से उठना आदि। उनका पूरा रूटीन ही बिगड़ जाता हैं और यह सब देखकर उनके माता-पिता की मुश्किलें बढ़ जाती हैं। उनके लिए तो मजा कम और काम ज्यादा हो जाता हैं।

माता-पिता की चिंता बच्चों के होमवर्क में ही लगी रहती हैं या फिर बच्चे जो धमाचौकड़ी मचाते हैं उसी में सारी छुट्टिया निकल जाती हैं। ऐसे में एक मां के लिए छुट्टियों के दौरान बच्चों को व्यस्त रखना आसान नहीं होता क्योंकि बच्चा भरपूर मस्ती के मूड में होता हैं। उसे हर घंटे मनोरंजन का साधन चाहिए होता है परंतु यह सब बच्चों को भी दो-चार दिन ही अच्छा लगता हैं, बाद में बच्चे भी इन सब से बोर होने लगते हैं। मां-बाप बच्चों को व्यस्त रखने के अलग-अलग तरीके ढूंढते हैं ताकि उनकी शरारतो से बच सकें।

कई माँ बाप तो छुट्टियों में स्कूली पढ़ाई के पीछे पड़े रहते हैं लेकिन बच्चो को छुट्टियों का आनंद अपनी रूचि का काम करने में ही आता हैं। अगर आप भी अपने बच्चों की गर्मी की छुट्टियों का मजा किरकिरा नहीं करना चाहती हैं और उन्हें टीवी कंप्यूटर आदि से दूर भी रखना चाहती हैं तो आपको गर्मी की छुट्टियों को मजेदार बनाने के लिए कुछ अतिरिक्त प्रयास करने होंगे।

इसे भी पढ़ें: गर्मियों में बच्चों को घमौरिया होने के 10 मुख्य कारण व उससे बचने के 13 घरेलु उपाय

गर्मी की छुट्टियों को ऐसे मजेदार बनाएं

आइए जानते हैं कुछ ऐसे तरीकों के बारे में जो आपके बच्चों की गर्मी की छुट्टियों को मजेदार बनाने में मदद करेंगे और उनसे वो कुछ अच्छा भी सीखेंगे:

#1. बागबानी

बच्चे हो या बड़े, बागवानी करना सभी के लिए एक खुशनुमा एहसास होता हैं। इससे हम हर पल प्रकृति से कुछ न कुछ सीखते हैं। छुट्टियों का फायदा उठाकर आप अपने बच्चों को प्रकृति के साथ जोड़ सकती हैं। सबसे पहले आप अपने बच्चों को एक पौधा लगाना और उसकी देखभाल करना सिखाए। इससे यह फायदा होगा कि जब वह रोज अपने द्वारा लगाए गए पौधों को बड़ा होते देखेगा तो उसे जीवन का मतलब समझ आएगा। बच्चे के हाथों से कुछ फल वाले पेड़ भी लगवाए। आप पाएंगे कि धीरे-धीरे बागवानी आपके बच्चे की हॉबी बन जाएगी और वह पर्यावरण को हरा भरा रखने का महत्व भी समझ पाएगा।

#2. तैराकी

आप अपने बच्चे को तैराकी की क्लास में भी लगवा सकती हैं क्योंकि यह बच्चो के लिए मस्ती के साथ-साथ एक तरह का व्यायाम भी हैं। बच्चों के लिए तैराकी के कई फायदे हैं। इससे शरीर की एक्सरसाइज हो जाती हैं, शारीरिक व मानसिक विकास भी सही प्रकार से होता हैं। क्लास के दौरान सीखे गए पाठ से बच्चा आपातकालीन स्थिति में खुद की रक्षा करना भी सीख जाता हैं। साथ ही साथ इस चिलचिलाती गर्मी में ठंडक का अहसास होता हैं।

इसे भी पढ़ें: गर्मियों के मौसम में 13 जूस व उनके फायदे

#3. हॉबी को निखारे

बच्चों की हॉबी निखारने के लिए दोपहर का वक्त सबसे सही रहेगा क्योंकि दोपहर में गर्मी बहुत बढ़ जाती हैं। यदि आपके बच्चों को गाना गाने, कोई वाद्ययंत्र बजाने या डांस का शौक हैं तो दोपहर को उसके इस शौक को निखारने में मदद करें।

#4. चित्रकारी व कारीगरी

आप अपने बच्चों को रंगीन कागज व मिट्टी के खिलौने बनाना सिखाएं। इससे उनकी रचनात्मकता भी बढ़ेगी। चाहे तो आप शुरुआत कागज या मिट्टी के हवाई जहाज, गुड़िया, कोई पक्षी या जानवर बनाना सिखाने से कर सकती हैं। यदि आपका बच्चा यह सब काम करना आसानी से सीख लेता हैं तो उसके स्कूल के क्राफ्ट असाइनमेंट के लिए आपको चिंता करने की जरूरत नहीं हैं बल्कि वह अपनी मेहनत से क्लास में बेहतरीन प्रदर्शन करेगा।

#5. खेल खेले

कोई भी खेल सीखना आपके बच्चों के लिए एक अच्छा गुण हो सकता हैं। बैडमिंटन, क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, टेनिस आदि जैसे खेल आपके बच्चों के शारीरिक विकास में ही नहीं बल्कि मानसिक विकास में भी मदद करते हैं। इसके अलावा आप घर पर भी कुछ खेल जैसे कि शतरंज, लूडो या कैरेम खेल सकती हैं। खेल बच्चो के अन्दर जल्दी निर्णय लेने व सोचने समझने की शक्ति को बढाता हैं।

#6. पढ़ना और लिखना

स्कूली किताबों के अलावा बच्चों को मनोरंजक किताबें पढ़ने और अपने विचार लिखने से सिर्फ उसकी शब्दकला ही नहीं बढ़ेगी बल्कि उसके ज्ञान में भी वृद्धि आएगी। उसे खुद पर और ज्यादा आत्मविश्वास आएगा। अपने विचारों को लिखने से उसके विचारों की गति भी बढ़ेगी और उसे शब्दों का सही उपयोग करना भी आएगा।

#7. खाना बनाना

आप अपने बच्चे को अपने साथ थोडा बहुत रसोई के काम में भी लगा सकती हैं। इससे उनको खाना बनाना तो आएगा ही और वे खाना खाने में नखरे भी नही करेंगे। लेकिन ध्यान रहे उन्हें गैस के पास या चाकू वाला काम ना दे।

इसे भी पढ़ें: बच्चों को गाय का दूध देने के 10 फायदे

#8. कंप्यूटर सिखाएं

आजकल कोई बच्चा कंप्यूटर या स्मार्टफोन से अनजान नहीं हैं। लेकिन इसका इस्तेमाल सही चीजों में किया जाए तो यह काफी फायदेमंद हैं। आप अपने बच्चे को माइक्रोसॉफ्ट ऑफिस, पेंट आदि कई चीज़े सिखा सकती हैं। यह आगे के लिए भी बहुत फायदेमंद होगा।

#9. थोड़ा सैर सपाटा भी जरूरी हैं

गर्मी की छुट्टियों में बच्चों को सिर्फ घर में बंद करके न रखे। उन्होंने बाहर ले जाएं, नयी-नयी जगह घुमाये व नयी-नयी चीजों के बारे में बताएं। बच्चों को चिड़ियाघर या म्यूजियम ले जाना भी अच्छा विकल्प हैं। इस तरह से बच्चों को विज्ञान और इतिहास की जानकारी मिलती हैं जो आगे उनकी पढ़ाई में भी काम आती हैं। साथ में बच्चा जो अपने अनुभव के आधार पर सीखेगा, जिंदगी भर उसे याद भी रखेगा।

#10. दोस्तों के साथ समय बिताना

कभी-कभी आप अपने बच्चे के दोस्तों को बुलाकर एक छोटी सी डांस पार्टी का इंतजाम भी कर सकती हैं। बच्चों के लिए कुछ जूस व खाना बनाकर रख सकती हैं। उनकी पसंद का गाना बजाएं और उन्हें भरपूर मौज मस्ती करने दे।

आज के जमाने में मां बाप के साथ-साथ बच्चो की दिनचर्या भी काफी व्यस्त हो गई हैं जैसे कि स्कूल जाना, फिर कोचिंग जाना और फिर होमवर्क। इन सबके आलावा बच्चो को कुछ अलग सिखाना उसके व्यक्तित्व के विकास के लिए बहुत फायदेमंद हैं और इससे वो आराम भी महसूस करता हैं।

क्या आप एक माँ के रूप में अन्य माताओं से शब्दों या तस्वीरों के माध्यम से अपने अनुभव बांटना चाहती हैं? अगर हाँ, तो माताओं के संयुक्त संगठन का हिस्सा बने। यहाँ क्लिक करें और हम आपसे संपर्क करेंगे।

null