बच्चों को खाना खिलाने के 10 ज़रूरी टिप्स

बच्चों को खाना खिलाने के 10 ज़रूरी टिप्स

बच्चों का सही से न खाना माता पिता की परेशानी का बड़ा कारण होता है। बच्चे जंक फ़ूड खाना तो पसंद करते हैं लेकिन घर का खाना खाने में आनाकानी करते हैं। ऐसी स्थिति में बच्चों को वो पोषक तत्व नहीं मिल पाते जिनकी उन्हें ज़रूरत होती है।

जानिए बच्चों को खाना खिलाने के 10 जरूरी टिप्स:

#1. रंग बिरंगा आहार परोसें

बच्चों को सादा खाना पसंद नहीं आता बल्कि उन्हें रंग बिरंगी चीजें पसंद आती हैं। इसलिए बच्चों को परोसे जाने वाले खाने को रंगीन बनाये। इससे बच्चे उस आहार को खायेंगे भी व रंगो के प्रति उनका ज्ञान भी बढ़ेगा।

#2. फ़ूड चार्ट बनाये

बच्चों के लिए एक फ़ूड चार्ट बनाये जिसमे पूरे पोषक तत्व शामिल हो और हर वो तत्व हो जिनकी बच्चों को ज़रूरत है। इसी के अनुसार बच्चों को खाना खिलाएं। बच्चों की पसंद की चीज़ों को भी इस सूची में शामिल करें।

#3. दूध पिलाने के टिप्स

दूध बच्चों के आहार का महत्वपूर्ण हिस्सा है जो बच्चों की हड्डियों और दांतों के लिए बेहद जरूरी है। कई बच्चों को दूध पसंद नहीं होता। इसके लिए उन्हें फ्लेवर्ड दूध दें। बाजार में उपलब्ध स्ट्राबेरीचॉकलेट, वैनिला या अन्य कोई भी बच्चों के पसंद के फ्लेवर को डाल कर दूध बच्चों को पीने को दें।

#4. विभिन्नता

बच्चे किसी भी एक चीज़ से जल्दी ही बोर हो जाते हैं और यही बात उनके खाने पर भी लागू होती है। इसलिए थोड़ी कलाकारी दिखाएँ और बच्चों को अलग अलग तरह की चीज़ें रोज बना कर खिलाएं। ऐसा करने से बच्चों की रूचि खाने में बढ़ेगी।

इसे भी पढ़ें: 1 से 3 साल के बच्चों को खुद खाने की आदत कैसे डालें?

#5. प्रोत्साहित करें

बच्चों को खाना खाने के लिए प्रोत्साहित करें। उन्हें हमेशा पूरा खाना खाने के लिए कहें। जब वो सारा खाना खा लें तो उनकी तारीफ़ करें| ऐसा करने पर बच्चे खुश होंगे और हमेशा खाना खत्म करने के लिए उत्साहित रहेंगे।

#6. घर पर ही बनाये फ़ास्ट फ़ूड

आज कल के बच्चे फ़ास्ट फ़ूड के दीवाने है, आप उन्हें फ़ास्ट फ़ूड खाने से रोक तो नहीं सकते लेकिन घर पर ही आप बच्चों को फास्टफूड पोषक तत्वों से साथ दे सकती हैं। इस तरीके से आप भी खुश और बच्चे भी खुश।

#7. सब्जियां खिलाएं अलग तरीके से

बच्चों की पसंदीदा चीज़ों में थोड़े से बदलाव कर के हम उन्हें पोषक तत्व भी प्रदान कर सकते हैं। जैसे बच्चों के लिए उनके पसंदीदा पिज़्ज़ा को घर पर ही बनाये लेकिन आप पिज़्ज़ा बेस की जगह रोटी या ब्राउन ब्रेड का प्रयोग कर सकती हैं, साथ ही चीज़ का कम प्रयोग करते हुए अधिक सब्जियां उसमे डालें।

#8. व्यस्त रखते हुए खिलाएं खाना

बच्चों को खाना खिलाते समय व्यस्त रखें। जैसे उन्हें बातों में लगाएं, उन्हें कहानी सुनाएं या उनका पसंदीदा कार्टून या कविता उन्हें देखने और सुनने को दें। ऐसा करने पर बच्चों का ध्यान खाने पर नहीं रहेगा और वो कुछ भी आसानी से खा लेंगे।

#9. जबरदस्ती न करें

अक्सर माताएं बच्चों की न खाने की समस्या से परेशान हो कर उन्हें जबर्दस्ती खिलाने की कोशिश करती हैं लेकिन इससे बच्चे की दिलचस्पी खाने में बिलकुल कम हो सकती है और हो सकता है की वो खाना खाने से नफरत करने लगे इसलिए बच्चों को जबरदस्ती खिलाने की जगह उनकी दिलचस्पी बढ़ाने की कोशिश करें।

#10. बच्चों को खुद तय करने दें

बच्चों को अपनी पसंद या नापसंद की जानकारी आपसे ज्यादा होती है, इसलिए जब भी आप बच्चों की फ़ूड लिस्ट बनाती हैं तो अपनी पसंद के साथ साथ बच्चों की पसंद के बारे में भी उनसे पूछे। इससे उन्हें अलग तरह का और अपनी पसंद का खाना भी मिल जायेगा।

क्या आप एक माँ के रूप में अन्य माताओं से शब्दों या तस्वीरों के माध्यम से अपने अनुभव बांटना चाहती हैं? अगर हाँ, तो माताओं के संयुक्त संगठन का हिस्सा बने| यहाँ क्लिक करें और हम आपसे संपर्क करेंगे|

 

null

null